रायपुर में भीषण आग से ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें खाक, 13 दमकलों ने 7 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई, जिसने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आग देर रात करीब एक बजे हार्डवेयर की दुकान में लगी थी। तेज बारिश के बावजूद आग इतनी तेजी से फैली कि पास स्थित ऑक्टोपस बार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी इसकी चपेट में आ गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

आग की लपटें पास के होटल तक पहुंच गईं, जिससे वहां ठहरे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, हालांकि उन्हें अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला।

घटना में हार्डवेयर दुकान के सामने खड़ी कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। सुबह तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग को पूरी तरह बुझाने में जुटी रही।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि रात में आग लगने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और कई दुकानें जल रही थीं। दमकल कर्मियों और पुलिस ने पूरी रात राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा, जिससे आग को आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सका।

प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में चार दुकानों और कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com