रायपुर के कचना फ्लाईओवर पर रेलिंग से लटकी कार, टक्कर मारने वाला चालक मौके से फरार

रायपुर के कचना फ्लाईओवर पर रविवार रात एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पुल की रेलिंग पर लटक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि कार नीचे नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे सीजी 12 बीएच 8300 नंबर की कार कचना फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और रेलिंग पर जाकर अटक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार का अगला हिस्सा रेलिंग के बाहर निकल गया था, जिससे कुछ देर तक लोगों में दहशत का माहौल रहा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले किसी अन्य तेज रफ्तार वाहन ने कार को टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद दूसरा चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त कार को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई की गई और यातायात को सामान्य कराया गया।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com