बीच राह लोगों को हथियार दिखाकर डराने वाला गिरफ्तार:रौब जमाने राहगीरों को धमका रहा था, भिलाई पुलिस की पट्रोलिंग टीम ने पकड़ा

दुर्ग जिले के भिलाई में चाकू लेकर आम नागरिकों को डराने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। 17 नवंबर की शाम पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ा। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।

शहर में प्रतिबंधित हथियारों चाकू झुरी, तलवार, कटर आदि के उपयोग से जुड़े अपराधों में वृद्धि को देखते हुए पुलिस द्वारा सख्त चेकिंग व अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में पुलिस की टीम को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नहर पार फैक्ट्री जाने वाले रोड, एकता नगर के पास हथियार लहराते हुए लोगों में भय फैला रहा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां एक युवक अपने हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए लोगों को डराता नजर आया। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान यश गुप्ता (19 वर्ष), निवासी पुरानी भिलाई के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक धारदार चाकू जब्त किया।

राहगीरों को डरा रहा था आरोपी

पुलिस जांच में पाया गया कि युवक द्वारा प्रतिबंधित हथियार का खुलेआम प्रदर्शन कर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

लगातार हो रही है चाकूबाजी की घटनाएं

थाना पुरानी भिलाई पुलिस का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई न की जाती तो आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में हथियारबंदी रोकने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।

बता दें कि इन दिनों जिले में लगातार चाकूबाजी और हत्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस इस तरह के असमाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

close