भैंसाओदार के वनांचल में गूंजा योग का संदेश: भावना बोहरा संग सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योग, अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने बांधा समां

पंडरिया, 21 जून 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम भैंसाओदार में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में आयोजित “स्वस्थ आयु के लिए योग” कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

भावना बोहरा ने कहा कि योग केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वनांचल क्षेत्र सहित पंडरिया विधानसभा के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस दौरान बस्तर की प्रसिद्ध अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने अपने हैरतअंगेज प्रदर्शन से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने पंडरिया विधानसभा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं, जिससे अब तक लगभग 13 हजार लोग लाभान्वित हो चुके हैं। वहीं 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवाओं के जरिए करीब 32 हजार लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com