रायपुर: जेल में बंद आरोपी ने दी NEET-UG री-एग्जाम, हाईकोर्ट के आदेश पर मिली विशेष अनुमति

रायपुर सेंट्रल जेल में बंद आरोपी छात्र कुणाल तरुणकर आज NEET-UG री-एग्जाम में शामिल हुआ। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेश के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र लाया गया।

कुणाल तरुणकर रायपुर के शिवानंद नगर का निवासी है। उस पर 20 वर्षीय युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप है। इसी मामले में उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

डायरी और मोबाइल से मिले अहम सबूत

जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल को युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान मृतका की डायरी में लिखे कथित सुसाइड नोट और मोबाइल फोन से मिले सबूतों के आधार पर कुणाल की भूमिका सामने आई। आरोप है कि वह युवती पर मिलने का दबाव बनाता था, गाली-गलौज करता था और लगातार मानसिक प्रताड़ना दे रहा था।

चीफ जस्टिस ने अर्जेंट हियरिंग में दिया आदेश

मामले में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अर्जेंट हियरिंग करते हुए आरोपी छात्र को री-NEET परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी। छात्र की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने हाईकोर्ट में अंतरिम आवेदन दाखिल कर परीक्षा देने की मांग की थी।

पुलिस और जेल प्रशासन की स्पेशल टीम तैनात

कोर्ट के आदेश के बाद रायपुर पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया गया कि छात्र को निर्धारित समय पर सुरक्षित परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाए। इसके बाद एएसआई, हवालदार और सिपाहियों की विशेष टीम बनाकर आरोपी को आज परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com