तेज आवाज में रातभर बज रहा था साउंड सिस्टम, सूरजपुर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

सूरजपुर: जिले में देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे और साउंड सिस्टम बजाने की बढ़ती शिकायतों पर पुलिस ने सख़्ती शुरू कर दी है. बीती रात थाना विश्रामपुर क्षेत्र में बिना अनुमति के तेज आवाज में बज रहे साउंड बॉक्स को पुलिस ने जब्त करते हुए कोलाहल अधिनियम की धारा 4, 5, 15(1) के तहत कार्रवाई की है.
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा था कि डीजे संचालकों व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों को अनुमति एवं नियमों के बारे में जागरूक किया जाए और तय मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख़्त कार्रवाई हो. इसी के अनुरूप थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर ने हाल ही में डीजे संचालकों और गणमान्य नागरिकों की बैठक लेकर उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देश, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियम और तय समय सीमा का पालन सुनिश्चित कराया था.
15–16 नवंबर 2025 की दरम्यानी रात, रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तलवापारा में तेज आवाज में साउंड बॉक्स बजाया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हो रही है. मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना अनुमति तेज ध्वनि से साउंड सिस्टम बजाते पाए जाने पर 2 नग साउंड बॉक्स और 1 नग एम्पलीफायर जब्त कर लिया.
घटना में शामिल गुड्डू खुलेखीन देवांगन (46 वर्ष), निवासी तलवापारा, तथा साउंड सिस्टम संचालक विशाल गुप्ता (22 वर्ष), निवासी शिवनंदनपुर के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस की अपील- नियम तोड़ने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डीजे या साउंड सिस्टम का उपयोग करने से पहले विधिवत अनुमति लें और तय समय तक ही इसका उपयोग करें. तय समय के बाद तेज ध्वनि से डीजे या साउंड बजाने वालों की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम सूरजपुर (मो. नं. 9479193999) पर दें, ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके.
पुलिस ने साफ किया है कि जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.










