पहली ही बारिश बनी मुसीबत: रेलवे अंडरब्रिज जलमग्न, 5 दिन से बंद रास्ते के कारण लोग परेशान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पहली बारिश के बाद रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) एक बार फिर जलभराव की समस्या से जूझने लगा है। नाले का गंदा पानी भरने और चेंबर की जाली उखड़ जाने के कारण अंडरब्रिज को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है।

पिछले पांच दिनों से लोगों को इस रास्ते से आवागमन की अनुमति नहीं है, जिससे आसपास के कई मोहल्लों के रहवासियों को लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है।

हर बारिश में बनती है यही स्थिति

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हल्की बारिश होते ही अंडरब्रिज में पानी भर जाता है। नाले का गंदा पानी पुल के भीतर आ जाता है और चेंबर की जाली भी बाहर निकल आती है। इस बार भी पहली ही बारिश में यही स्थिति बन गई।

जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से पुल के दोनों ओर लोहे के पाइप लगाकर आवागमन रोक दिया गया। फिलहाल निगम द्वारा नाले और अंडरब्रिज की सफाई कराई जा रही है।

कई मोहल्लों के लोगों की बढ़ी परेशानी

अंडरब्रिज बंद होने से मौदहापारा, बाजीराव पारा, मिट्ठूमुड़ा, सोनकर पारा समेत आसपास के कई इलाकों के लोगों को रोजाना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। रोजमर्रा के काम, बाजार और कार्यालय आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूली बच्चों पर सबसे ज्यादा असर

अंडरब्रिज बंद होने से स्कूली बच्चों की परेशानी भी बढ़ गई है। जो बच्चे साइकिल या छोटे वाहनों से इसी रास्ते स्कूल जाते थे, उन्हें अब नया शनि मंदिर रोड स्थित चक्रपथ होकर जाना पड़ रहा है। वहीं पैदल आने-जाने वाले लोग किसी तरह पाइप पार कर जोखिम उठाते हुए पुल से गुजर रहे हैं।

महापौर बोले- सफाई के बाद खोला जाएगा रास्ता

नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने बताया कि, अंडरब्रिज के पास नाले को एक स्थान पर मोड़े जाने के कारण वहां कचरा जमा हो जाता है। बारिश के दौरान नाले में पानी का दबाव बढ़ने से ओवरफ्लो की स्थिति बनती है और पुल में पानी भर जाता है।

उन्होंने कहा कि नाले की सफाई कराई जा रही है और व्यवस्था सामान्य होते ही अंडरब्रिज को दोबारा खोल दिया जाएगा। साथ ही नए अंडरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com