मेडिकल कॉलेजों में 3 साल बाद होगी सीधी भर्ती:असिस्टेंट-प्रोफेसर के 125 पद पर एग्जाम, ये रिक्वायर्ड का सिर्फ 10%; 40% सीटें खाली रहेंगी

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने प्रदेश के 10 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 125 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी। यह भर्ती जून 2022 के बाद पहली नियमित भर्ती है।

प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में 332 पद खाली हैं, जबकि भर्ती सिर्फ 125 पदों पर हो रही है। यानी खाली पदों के आधे से भी कम। भर्ती 35 विभागों के क्लीनिकल, नॉन क्लीनिकल व सुपर स्पेशियलिटी विभागों में की जाएगी।

इस समय ये स्थिति है

कुल स्वीकृत पद : 1284 पद

कुल खाली पद : 645 पद

खाली पदों का प्रतिशत : 50.23% यानि हर 100 फैकल्टी पदों में 50 से ज्यादा रिक्त हैं।

फैकल्टी की भारी कमी, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जुलाई में ही प्रस्ताव पीएससी को भेज दिया था। प्रदेश के मेडिकल कॉलेज लंबे समय से फैकल्टी की कमी से जूझ रहे हैं। इसका असर एमबीबीएस और पीजी छात्रों की पढ़ाई पर पड़ने लगा है।

साढ़े 3 साल बाद होने वाली इस भर्ती से कॉलेजों में उपलब्ध फैकल्टी की संख्या में थोड़ी सुधार की उम्मीद है।

7 सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों की भर्ती भी होगी

PSC के विज्ञापन के अनुसार कार्डियोलॉजी (2 पद), मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, कार्डियो थोरेसिक एंड वेस्कुलर सर्जरी, कार्डियक एनेस्थेटिस्ट इन विभाग में 7 सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों की भी भर्ती शामिल होगी।

इसका मुख्य कारण है जगदलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को ठेके पर दिया जाना। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता अनिवार्य है।

125 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती के बाद 40% पद खाली ही रहेंगे

नई भर्ती के बाद रिक्त दर 50.23% से घटकर 40.49% हो जाएगी यानी लगभग 10% सुधार। यह बड़ा कदम होगा, पर फिर भी 520 पद खाली रहेंगे। जिसका मतलब है कि सिस्टम अभी भी 40% कमी के साथ चलेगा, जो मेडिकल कॉलेजों के लिए काफी ज्यादा है।

close