CJP फाउंडर को थप्पड़ मारने वाले निकले ग्रेजुएट, 2 MBA छात्र और 3 बेरोजगार; दीपके ने RSS पर लगाए आरोप

जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। थप्पड़ कांड में शामिल पांचों युवक स्नातक (ग्रेजुएट) तक पढ़े लिखे हैं।

2 युवक MBA कर रहे हैं, जबकि 3 बेरोजगार हैं। विधायकपुरी थाने छुड़ाने पहुंचे इनके साथी ने बताया- गिरफ्तार होने वाले हमारे दोस्त-भाई हैं। हम समाज के लिए, राष्ट्रहित में काम करते हैं। जो राष्ट्र का विरोध करता है, हम उसका इलाज करते हैं।

उन्होंने कहा- ये जो मच्छर थे, वे राष्ट्र के विरोध में थे। ये हमारे हिंदू समाज को भड़का रहे थे, इसलिए हमारा दिमाग खराब हो गया था, ऐसे में इनका इलाज कर दिया। उधर, पुलिस गिरफ्तार पांचों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश करेगी।

दीपके बोले- RSS के लोगों ने हमला किया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जयपुर में उन पर हुए हमले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के लोगों का हाथ था।

उन्होंने कहा- जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है, तो ऐसा ही होता है। इसमें कुछ नया नहीं है।

कोई MBA तो कोई कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा

DCP (साउथ) राजर्षि राज ने बताया- आरोपी युवकों में से 3 जयपुर जिले के रहने वाले हैं। वहीं, एक सीकर और एक जोधपुर का है। इनमें से दो युवक जॉब की तलाश कर रहे हैं। दो ग्रेजुएट हैं और दो एमबीए कर रहे हैं। इनमें से तीन आरोपी राकेश, अजय और रोहित एक-दूसरे को जानते हैं। जबकि, कुलदीप और निकेत किसी का नहीं जानते।

आरोपी युवकों की प्रोफाइल

राकेश गुर्जर: 30 साल का आरोपी जयपुर जिले के बगरू के कुचावास का रहने वाला है। राकेश दूदू (जयपुर) के प्राइवेट कॉलेज से एमबीए कर रहा है।

रोहित शर्मा: 25 साल का रोहित शर्मा जयपुर जिले के कानोता के हीरावाला का रहने वाला है। राकेश बस्सी के प्राइवेट कॉलेज से एमबीए कर रहा है।

अजय शर्मा: जयपुर के कानोता का रहने वाला अजय भी 25 साल का है। आर्ट्स से ग्रेजुएशन की है। फिलहाल बेरोजगार है और जॉब की तलाश में है।

निकेत: 28 साल का निकेत जोधपुर के प्रभात नगर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार निकेत फिलहाल कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहा है।

कुलदीप सिंह: सीकर के देवराला का रहने वाला आरोपी 27 साल का है। उसने भी आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया है। वो भी अभी बेरोजगार है और जॉब की तलाश में है।

बोले- दिमाग खराब हो गया था

गिरफ्तार युवकों के साथी अर्जुन ने बताया- हमारी कोई प्लानिंग नहीं थी, हम सिर्फ प्रदर्शन देखने आए हुए थे। वहां इनकी टीमें बात कर रही थी कि हिंदूत्व को बांटना है। जातिवाद में बांटना है। इसलिए हम सब का दिमाग खराब हो गया था।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

अभिजीत दीपके ने जयपुर में थप्पड़ मारने वाली घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया था। अभिजीत ने कहा- आज का प्रोटेस्ट काफी बड़ा था। काफी सक्सेसफुल था। बहुत ज्यादा जनता आई थी। हमारा शांतिपूर्ण आंदोलन बड़ा होता जा रहा है।

अभिजीत दीपके ने कहा- जो एक करोड़ बच्चों के साथ अन्याय हुआ है। जिस बच्चे ने सुसाइड किया है, उसके लिए तो उन्हें रिजाइन करना ही पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा- आप एक बार नहीं 10 बार हमले करवाइए।

एक नहीं 10 थप्पड़ मारिए। चाहे ये लोग कितने भी हाथ उठा लें, हम अपनी तरफ से हाथ नहीं उठाएंगे। हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके का है। हम इस मूवमेंट को शांति और प्यार के साथ आगे बढ़ाएंगे। मैं मेरे हेटर्स को भी यह कहना चाहूंगा…गेट वेल सून।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com