उज्जैन में वक्फ बोर्ड अध्यक्ष को सिर काटने की धमकी, आरएसएस पथ संचलन का स्वागत बनने की वजह

उज्जैन में मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल और निदेशक फैजान खान को सोशल मीडिया पर सिर काटने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। दोनों अधिकारियों ने गत पांच अक्टूबर को मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मिलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पथ संचलन का तोपखाना क्षेत्र में स्वागत किया था। इस कार्यक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद कुछ कट्टरपंथी तत्वों ने इन पर गंभीर धमकियां दीं।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर ताज अंसारी और फजल खान बाबा की आईडी से आपत्तिजनक कमेंट किए गए। ताज अंसारी ने अधिकारियों को ‘दलाल’ कहा, जबकि फजल ने धमकी भरे शब्दों में लिखा कि “कल हमारा बहुमत आएगा, तो सबसे पहले गर्दन तुम्हारी उड़ाई जाएगी।” इन टिप्पणियों को वक्फ बोर्ड के निदेशक फैजान खान ने गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के एक माह बाद महाकाल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और साइबर सेल उनकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
वक्फ बोर्ड निदेशक फैजान खान ने बताया कि संघ के पथ संचलन का स्वागत करने के पीछे उद्देश्य केवल सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना था। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया था, लेकिन इसके बाद से उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई कथित तत्व अशोभनीय और अश्लील कमेंट कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उनकी जान को खतरा महसूस हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर मिली धमकियों को गंभीरता से जांचा जा रहा है। मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे प्रकरण ने शहर में सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को लेकर नई बहस शुरू कर दी है। समुदाय के कई लोग इस बात पर चिंता जता रहे हैं कि सद्भाव के प्रयासों पर ऐसी प्रतिक्रियाएं माहौल को प्रभावित कर सकती हैं।











