एक दिन में तीन बड़ी कार्रवाइयाँ! अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का अब तक का सबसे बड़ा वार

सूरजपुर : जिले में अवैध धान भंडारण और खाद्यान्न परिवहन का जाल कितना गहरा है, इसका अंदाज़ा रविवार को हुई तीन बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया. कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर राजस्व और खाद्य विभाग की टीमों ने कैलाशपुर, कृष्णपुर और लटोरी में छापे मारकर भारी मात्रा में धान और चावल जब्त किया.इन लगातार कार्रवाइयों ने प्रशासन को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या जिले में कहीं और इससे भी बड़ा छिपा भंडार मौजूद है?
कैलाशपुर: गोदाम में छिपा था धान का ‘पहाड़’—960 बोरा जब्त
पहली कार्रवाई ग्राम कैलाशपुर में हुई, जहां किराना व्यापारी कन्हैया लाल साहू के गोदाम में टीम ने दबिश दी। अंदर का नज़ारा चौंकाने वाला था—960 बोरा अवैध धान और 17 बोरा पीडीएस चावल भरा मिला.इसे तुरंत जब्त किया गया और बताया गया कि मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी.मौके पर तहसीलदार एम.एस. राठिया, नायब तहसीलदार सरिता राजवाड़े और कृषि विस्तार अधिकारी विनीत पाण्डेय मौजूद रहे.
कृष्णपुर: रात में चल रहा था गुप्त परिवहन—48 बोरी फोर्टिफाइड चावल पकड़ा
दूसरी कार्रवाई ग्राम कृष्णपुर में हुई, जहां एक पिकअप में बिना किसी वैध दस्तावेज के फोर्टिफाइड मिक्स्ड चावल ले जाया जा रहा था.टीम ने वाहन रोककर जांच की तो 48 बोरी (लगभग 25 क्विंटल) चावल मिला, जिसे वाहन सहित थाना सूरजपुर भेज दिया गया। प्रशासन का कहना है कि खाद्यान्न परिवहन पर सख्त निगरानी जारी रहेगी.
लटोरी: 45 बोरी धान सहित वाहन कब्जे में—कागज नहीं, धान भरा मिला
तीसरी कार्रवाई तहसील लटोरी में की गई. यहाँ पिकअप वाहन में 45 बोरी अवैध धान ले जाया जा रहा था. चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने तुरंत धान व वाहन को चौकी लटोरी की अभिरक्षा में रख दिया.
इन तीनों पकड़ ने पूरे जिले में सवाल खड़ा कर दिया है—
अगर सिर्फ एक दिन में तीन जगह इतना माल मिला… तो आखिर बाकी कितना और कहाँ दबा है?
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अभियान आगे और तेज होगा.










