10 घंटे में सुलझे चोरी के तीन मामले: दुर्ग पुलिस ने 5 युवकों को दबोचा, ₹37 हजार का चोरी का सामान जब्त

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए तीनों मोटर पंप और केबल वायर बरामद कर लिए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 37 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 और 27 जून के बीच उतई थाना क्षेत्र के ग्राम पुरई में तीन अलग-अलग जगहों पर मोटर पंप और केबल वायर चोरी की घटनाएं हुई थीं। शिकायत मिलने के बाद थाना उतई में तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने केवल 10 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
चोरों की निशानदेही पर बरामद किया गया सामान
पुलिस ने इस मामले में चेतन लाल ओझा (26), शंकर साहू (24), सन्नी राजपूत (21), कृष राजपूत (19) और दुष्यंत साहू (24) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम पुरई के शिवपारा वार्ड क्रमांक-17 के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया। इसमें एक फ्लो कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, एक लुबी कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप और केबल वायर, साथ ही एक 1.5 एचपी डीप बोर मोटर पंप और केबल वायर शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है।
तीन वारदात में थे शामिल
तीनों वारदातें ग्राम पुरई में अलग-अलग स्थानों पर हुई थीं। पहली घटना शिवपारा वार्ड क्रमांक-18 स्थित एक मकान के पीछे हुई। दूसरी चोरी मदन ईंट भट्टी के पीछे स्थित खेत से की गई, जबकि तीसरी वारदात उतई मेन रोड पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं मामले की जांच भी आगे जारी है।











