रायगढ़ में स्कूली ऑटो की ओवरलोडिंग पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, पहली बार चेतावनी के बाद अगली बार होगी कार्रवाई

रायगढ़ जिले में स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में ऑटो में बैठाकर ले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले चरण में नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि दोबारा ओवरलोडिंग पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान शुरू करने से पहले ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल प्रबंधन से भी परिवहन व्यवस्था पर निगरानी रखने की अपील की गई।

सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर चलाए गए जांच अभियान के दौरान कई ऑटो निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर चलते पाए गए। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को मौके पर समझाइश देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि अगली बार उल्लंघन मिलने पर चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई ऑटो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जिला पुलिस प्रशासन ने कहा है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही से वाहन चलाना या नशे की हालत में ड्राइविंग जैसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल वाहनों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com