रायपुर से 10 और 12 साल के दो भाई लापता: डांट पड़ने के बाद साइकिल लेकर घर से निकले, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

रायपुर, 09 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से दो नाबालिग भाइयों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। माता-पिता की डांट के बाद दोनों बच्चे बिना किसी को बताए घर से साइकिल लेकर निकल गए और देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उरला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश तेज कर दी है।

लापता बच्चों की पहचान आयुष चौहान (10 वर्ष) और पीयूष चौहान (12 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों उरला थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित ज्ञानदीप स्कूल के पास रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11 बजे दोनों भाई अपनी रेंजर साइकिल लेकर घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर उरला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 311/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है। साथ ही बच्चों की जानकारी सभी थानों और कंट्रोल रूम को भी भेजी गई है, ताकि जल्द से जल्द उनका पता लगाया जा सके।

पुलिस की अपील

उरला थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि दोनों बच्चों के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें तो तत्काल उरला थाना या 94791-91032 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर मिली एक छोटी सी जानकारी भी बच्चों तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com