जन्म के बाद नवजात को छोड़कर फरार हुई महिला, ग्रामीणों ने बचाई मासूम की जान

मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के जनपद पंचायत भरतपुर अंतर्गत च्यूल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सुनसान पड़े मकान में नवजात बच्ची मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, एक महिला ने एक खाली घर में बच्ची को जन्म दिया और जन्म के तुरंत बाद उसे वहीं छोड़कर फरार हो गई। कुछ समय बाद ग्रामीणों को बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उप स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ और आरएचओ एनएम (स्वास्थ्य कर्मियों) ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर और पूरी तरह सुरक्षित है। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उसकी निगरानी जारी है।

इस घटना से गांव में आक्रोश और दुख का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गहन जांच कर महिला की पहचान करने और ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com