रायगढ़ में झमाझम बारिश से बदला मौसम, तापमान में गिरावट के साथ सप्ताहभर बरसात के आसार

रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। दो दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद हुई इस बारिश से लोगों को राहत मिली और वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताहभर जिले में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद अगले दिन तापमान में और कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी।
बारिश का असर केवल शहर तक सीमित नहीं रहा। जिले के छाल, धरमजयगढ़, जामंगा और तिलगा-भगोरा सहित कई ग्रामीण इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद रात का मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत महसूस की।
मौसम विभाग का कहना है कि पूरे सप्ताह आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट बनी रहेगी।
इधर, तेज बारिश और गरज-चमक के बीच शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। जोन-2 के कई क्षेत्रों में पहले से बिजली कटौती चल रही थी और शाम को आपूर्ति बहाल होने के कुछ समय बाद ही फिर बिजली गुल हो गई। बारिश रुकने के काफी देर बाद तक बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों ने बार-बार होने वाली बिजली कटौती को लेकर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है।











