WhatsApp Username: व्हाट्सऐप के नए फीचर पर ‘संकट’, फ्रॉड के खतरे को लेकर सरकार ने कसी कमर

WhatsApp ने यूजर्स के लिए हाल ही में Username रिजर्वेशन शुरू किया है, इस फीचर के जरिए लोग बिना मोबाइल नंबर के यूजर आईडी के जरिए एक-दूसरे से कनेक्ट कर चैट कर पाएंगे. इस फीचर के लिए रिजर्वेशन शुरू होने के बाद अब पता चला है कि केंद्र सरकार इस फीचर की जांच कर सकती है. इस फीचर को लेकर ऑनलाइन फ्रॉड बढ़ने की आशंका के चलते सरकार गोपनीयता और सुरक्षा पहलुओं का अध्ययन कर रही है. फ्रॉड की आशंका के चलते इस नए यूजर आईडी फीचर को लेकर विवाद शुरू हो गया है, यही वजह है कि सरकार अब इस फीचर के हर पहलू की जांच करेगी.

अगर जांच के दौरान कुछ भी गड़बड़ी पाई गई तो Meta को नोटिस भी भेजा जा सकता है. नए व्हाट्सऐप फीचर को लेकर भारत के मौजूदा कानूनों के विकल्प के आधार पर इस मामले में सरकार आगे बढ़ेगी. साइबर फ्रॉड की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, फ्रॉड के खतरे को मद्देनजर रखते हुए सरकार इस नए फीचर का आकलन करेगी.

नए फीचर के किन पहलुओं पर सरकार चिंतित?

बिना नंबर शेयर किए किसी से भी चैट की शुरुआत की जा सकती है. यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ाने के नाम पर लाया गया है, लेकिन इसका दुरूपयोग ज्यादा होने की आशंका है. हर यूजर अपने लिए एक यूनिक यूजरनेम रिजर्व कर सकेगा, जो कई बार बदला जा सकता है. ऐसे में यूजर आईडी बदलने पर उस व्यक्ति को खोजना मुमकिन नहीं होगा.

WhatsApp User Id फीचर के बारे में जानें

अकाउंट बनाने और वेरिफिकेशन के लिए मोबाइल नंबर पहले की तरह जरूरी रहेगा. यूजरनेम केवल संपर्क और चैट के लिए इस्तेमाल होगा. व्हाट्सऐप पर भले ही ये फीचर नया है, लेकिन इसको टक्कर देने वाले ऐप टेलीग्राम पर इस तरह का फीचर पहले से ही उपलब्ध है. व्हाट्सएप पर भी इस तरह का फीचर होने से साइबर स्कैम की घटनाएं बढ़ सकती हैं. इसी के साथ देश की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है क्योंकि यूजर जब चाहे यूजरनेम बदल सकता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com