छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में चेतावनी; हादसों में तीन युवकों की मौत, दंपती अब भी लापता

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश में कई हादसे भी सामने आए हैं। दुर्ग जिले में अलग-अलग डूबने की घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं सारंगढ़-बरमकेला मार्ग स्थित लाट नाले में बही कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी पिछले 36 घंटे से लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। इसके बावजूद प्रदेश में अब तक मानसून की कुल बारिश सामान्य से करीब 21 प्रतिशत कम रिकॉर्ड की गई है।

तापमान की बात करें तो प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस भी पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करें। विशेष रूप से निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com