बहराइच: भारत- नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 30 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में भारत–नेपाल सीमा पर नशे की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल की 59वीं वाहिनी नानपारा और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हासिल की है.
बता दें कैलाश चन्द्र रमोला, कमाण्डेंट 59वीं वाहिनी के कुशल निर्देशन में विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर सीमा चौकी लौकाही एवं थाना मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत–नेपाल सीमा पर बॉर्डर पिलर संख्या 663/1 के पास संयुक्त नाका लगाया.
इस दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 ग्राम संदिग्ध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अर्श खान 21 वर्ष निवासी सालारगंज तथा अमन 28 वर्ष निवासी काजीपुरा, दोनों जनपद बहराइच के रूप में बताई.
बरामदगी व गिरफ्तारी की समस्त विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को स्मैक सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना मोतीपुर को सौंप दिया गया. 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नानपारा द्वारा सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त और सतत अभियान चलाया जा रहा है.
इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है और आमजन में सुरक्षा एजेंसियों के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है. पुलिस ओर एसएसबी टीम के द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है.










