बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत, एक अन्य बच्चा घायल

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निरतू के घासीपूंजी इलाके में शनिवार शाम मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान दीपक पटेल के रूप में हुई है, जो अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।

खेलते समय गिरी आकाशीय बिजली

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दीपक पटेल और एक अन्य बच्चा इसकी चपेट में आ गए। घटना हरि पटेल के घर के पास की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सिम्स अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने दीपक पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल बच्चे का इलाज किया गया, जिसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

रविवार को सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने खराब मौसम के दौरान बच्चों को खुले स्थानों पर नहीं जाने देने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com