हाईकोर्ट चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना का मामला, तीन आरोपी अब भी फरार; पुलिस की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखकर कथित तंत्र साधना करने के मामले में फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दी है, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चल पाया है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

श्मशान घाट में चार युवक कर रहे थे पूजा-पाठ

मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम का है। 7 अगस्त की रात चार युवक श्मशान घाट में तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ करते मिले थे। मौके पर मरी मछली, नींबू, सिंदूर और अन्य पूजा सामग्री भी मिली थी। आसपास के लोगों को गतिविधियों की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी वहां से फरार हो गए।

पकड़े गए युवक की पहचान राजकिशोर नगर निवासी ऋषिकेश के रूप में हुई। लोगों ने उसकी पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

फरार आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश

पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों में ओम बोले और उसके साथी शामिल हैं। पुलिस ने ओम के घर और दुकान पर भी दबिश दी, लेकिन दोनों जगह ताला मिला। इसके बाद पुलिस उनके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां तलाश कर रही है। आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चीफ जस्टिस समेत अन्य लोगों की तस्वीरें श्मशान घाट में क्यों रखी गई थीं और तंत्र साधना के लिए आरोपियों को किसने सलाह दी थी। पुलिस सोशल मीडिया के जरिए किसी कथित तांत्रिक से संपर्क होने की संभावना की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com