2 दोस्तों ने युवक का गला घोंटा…पाने से आंख फोड़ी:रायपुर में हत्या, कोरबा में लाश जलाई, अधजले जूते से पकड़ाए; कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद

रायपुर कोर्ट ने हत्या के दो आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। पैसों के लेन-देने के विवाद में शेखर साहू और मुकेश यादव ने मिलकर शोएब की हत्या की। दोनों ने मिलकर पहले शोएब को शराब पिलाई, फिर उसका गला घोंट दिया। मौत के बाद गाड़ी में रखे पाने से उसकी आंखें फोड़ दी गईं।
शोएब ने 8 अप्रैल को अपनी मां से आखिरी बार फोन पर बात की थी। मां के मुताबिक बेटे ने फोन कर बोला था कि मां ईद के दिन मुझे ईदी मत देना। मुझे आज ₹300 दे दो। एक मोबाइल नंबर भेज रहा हूं। उसमें भेज देना मैं ले लूंगा।कुछ देर बाद फिर शोएब ने अपनी मां मुन्नी को फोन करके कहा कि मैं घर वापस नहीं लौटा तो शेखर साहू,
मुकेश यादव के नाम से थाने में रिपोर्ट कर देना।
इसके बाद से वह लापता हो गया। उसकी मां ने पांच दिनों तक बेटे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 11 अप्रैल को उन्होंने कबीर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान रायपुर से करीब 175 किलोमीटर दूर कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के जंगल में एक चरवाहे को अधजली लाश मिली। उसने इसकी सूचना कोरबा पुलिस को दी।
पुलिस ने शव के हुलिए के आधार पर आसपास के जिलों के थानों में दर्ज गुमशुदगी की फाइलें खंगालनी शुरू कीं। मृतक की उम्र, कपड़े और पैरों में पहने अधजले जूते की तस्वीर रायपुर पुलिस तक पहुंची। तस्वीर देखकर शोएब की मां मुन्नी खान ने अपने बेटे के सामान की पहचान की। इसके बाद रायपुर पुलिस तत्काल कोरबा रवाना हुई।









