छात्रों से बदसलूकी और नदारद रहने पर 2 हेडमास्टर सस्पेंड:जिला शिक्षा अधिकारी ने की कार्रवाई, बच्चों ने भी की थी शिकायत

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के कारण जगदलपुर और दरभा ब्लॉक के दो प्रधान अध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों हेडमास्टर ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे और बच्चों के साथ गलत व्यवहार भी कर रहे थे। इसी वजह से जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन की कार्रवाई की है।

शिक्षा विभाग के मुताबिक, जगदलपुर ब्लॉक की सरकारी प्राथमिक स्कूल डुरकीगुड़ा के प्रधान अध्यापक कामेश राणा 27 नवंबर 2025 को निरीक्षण के समय स्कूल से नदारद मिले। बच्चों ने भी मिलकर उनके खिलाफ अभद्र व्यवहार की शिकायत की थी। इसे गंभीर गलती मानते हुए उन्हें तुरंत निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, दरभा ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल मांझीपदर (केलाऊर) के प्रधान अध्यापक सोनधर नाग 20 जनवरी 2025 से लगातार लंबे समय से स्कूल नहीं आ रहे थे। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने उनसे कारण बताने के लिए स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वे लगातार अनुपस्थित रहे और सरकारी निर्देशों का पालन भी नहीं किया।

इसी वजह से खंड शिक्षा अधिकारी दरभा की सिफारिश पर प्रधान अध्यापक सोनधर नाग को भी तुरंत निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में यह भी बताया गया है कि निलंबन के दौरान नियमों के अनुसार दोनों प्रधान अध्यापकों को जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com