माजदा की टक्कर से 2 सगे भाइयों की मौत, तीसरा गंभीर

बिलासपुर के बिल्हा में तेज रफ्तार माजदा वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन सगे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर है।
बताया जा रहा है कि तीनों भाई अपनी गर्भवती रिश्तेदार का हालचाल जानने गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्होंने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सेवार की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे माजदा वाहन ने तीनों को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे भाई चंदू दास का इलाज जारी है।
हादसे में दोनों मृतकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जबकि चंदू दास के कंधे और चेहरे पर चोट लगी है।
मामले की शिकायत मृतक के बेटे ने बिल्हा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने माजदा वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











