खारून एनीकट में बाइक समेत बहा युवक, तलाश के बाद मिला शव

छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की रफ्तार धीमी है, लेकिन 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश बढ़ने के आसार हैं।मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 18 सितंबर को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं, 19 सितंबर से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है।
इस बीच दुर्ग के पाटन में खारून नदी के एनीकट में बहे युवक का शव करीब 17 घंटे बाद बरामद हुआ है। 38 वर्षीय सुरेंद्र यादव विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने के बाद धमतरी लौट रहे थे। ओदरागहन एनीकट पर काई के कारण उनकी बाइक फिसल गई और वे तेज बहाव में बह गए। उनके साथ मौजूद एक युवक बाइक पकड़कर बच गया।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन धीरे-धीरे उत्तर अंडमान सागर की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम तक लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इससे छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ सकती है और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
बारिश कम होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 5 से 6 डिग्री तक बढ़ा है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रहा।
प्रदेश में 1 जून से अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम है। पिछले 24 घंटे में पेंड्रा रोड, साल्हेवारा और चांपा में 20-20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।











