तालाब में नहाने गईं 3 बच्चियां, डूबने से मौत; स्कूल नहीं गई थीं

कोरबा में तालाब में डूबने से तीन सहेलियों की मौत हो गई। तीनों बच्चियां गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान तालाब की मेड़ पर बच्चियों के चप्पल और कपड़े मिले। इसी बीच एक बच्ची का शव पानी में दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।
इसके बाद तालाब में बाकी दो बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए।
मृत बच्चियों की पहचान इंदु अगरिया, राखी और साधना के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 7 से 8 साल के बीच थी और वे पहली कक्षा में पढ़ती थीं।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त तालाब के पास कोई और मौजूद नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान एक बच्ची डूबने लगी होगी और उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों भी पानी में उतर गईं।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।











