तलाक के विवाद में दामाद ने 5 लाख की सुपारी देकर कराई ससुर की हत्या

अंबिकापुर में तलाक के विवाद के बीच ससुर की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दामाद ने 5 लाख रुपए की सुपारी देकर अपने ससुर की हत्या करवा दी।

घटना 16 सितंबर की सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके की है। 64 वर्षीय LIC एजेंट बशीरुद्दीन घर पर थे। इसी दौरान हमलावर घर में घुसे और उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, वारदात की साजिश दामाद मो. नाजिम शबा ने रची थी। बताया गया कि नाजिम का अपनी पत्नी के साथ तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इसी विवाद के चलते उसने ससुर की हत्या के लिए 5 लाख रुपए में सौदा तय किया था।

पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए झारखंड के पलामू से दो लोगों को अंबिकापुर बुलाया गया था। आरोपियों ने एक किराए के कमरे में रुककर वारदात की योजना बनाई और फिर रसूलपुर पहुंचकर हमला किया।

पुलिस ने दामाद मो. नाजिम शबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड निवासी कंचन कुमार और अंबिकापुर निवासी नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू शामिल हैं। वहीं, एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

मृतक की बेटी सादिया ने आरोप लगाया है कि तलाक का केस वापस नहीं लेने पर उसके पति ने पहले भी उसे और उसके परिवार को धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close