बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर बीजापुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच बुधवार को जोरदार मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस एनकाउंटर में तीन नक्सली मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि अन्नाराम और मरीमल्ला के जंगलों में जवानों ने नक्सलियों को घेर लिया था, जिसके बाद दोनों ओर से लगातार फायरिंग होती रही।
मुठभेड़ में शामिल नक्सली मद्देड एरिया कमेटी से जुड़े बताए जा रहे हैं। मौके से सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और अतिरिक्त बल को भी तैनात किया गया है।
बस्तर क्षेत्र में हाल के महीनों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। कई बड़े नक्सली नेताओं के मारे जाने के बाद फोर्स अब चुनिंदा गांवों में अभियान चला रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह अभियान अबूझमाड़ और करेंगुट्टा की तर्ज पर बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। गृह मंत्रालय की ओर से 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके तहत लगातार ऑपरेशन जारी हैं।











