रीवा: कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से एक ही परिवार के 5 लोग बीमार, संजय गांधी अस्पताल में भर्ती

रीवा: जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत खमरिया गांव में एक बड़ा हादसा सामने आया है. दोपहर के भोजन में कोदो की रोटी और चने की भाजी खाना एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ. भोजन के कुछ ही देर बाद एक मासूम बच्चे सहित परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

परिजनों से आज शनिवार की दोपहर 12 बजे मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर परिवार के सदस्यों ने साधारण रूप से बना पारंपरिक भोजन कोदो की रोटी और चने की भाजी खाई थी. खाना खाने के करीब 15-20 मिनट बाद ही सभी को तेज पेट दर्द, उल्टियां और चक्कर आने लगे. देखते ही देखते घर के पुरुष, महिलाएं और बच्चा जमीन पर गिरकर तड़पने लगे.

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में निजी वाहनों की व्यवस्था की और पीड़ितों को अस्पताल रवाना किया. परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले वे पीड़ितों को प्राथमिक उपचार के लिए सेमरिया अस्पताल ले गए थे, लेकिन वहां उचित व्यवस्था और एंबुलेंस न मिलने के कारण उन्हें खुद के साधन से रीवा लाना पड़ा.

संजय गांधी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि यह मामला गंभीर ‘फूड पॉइजनिंग’ का है. पीड़ितों में दो महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है. फिलहाल सभी को हाई-ऑब्जर्वेशन वार्ड में रखकर उपचार दिया जा रहा है.

प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने भोजन में किसी जहरीले तत्व के होने की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि कोदो घर का ही था और उसे साधारण तरीके से पकाया गया था. विशेषज्ञों का मानना है कि कभी-कभी पुराने रखे कोदो या उसमें होने वाली फफूंद (Molds) के कारण वह जहरीला हो जाता है, जिसे ‘कोदो पॉइजनिंग’ भी कहा जाता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com