धमतरी: सेमरा (बी) हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा! मुख्य तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार

कुरुद: धमतरी (छत्तीसगढ़) के सेमरा-बी गांव में 7 दिसंबर 2025 की रात को हुई 23 वर्षीय युवक रोहित नाग की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस. तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है.
इस मामले में कुल पाँच आरोपी शामिल थे, बाकी दो फरार हैं जिनकी तलाश जारी है.
कुरुद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि  रोहित नाग अपनी मौसी के घर सेमरा-बी आया हुआ था. नशे में धुत पाँच बदमाशों ने उसके घर के सामने गाली-गलौज और हुड़दंग मचाया. मृतक ने तालाब किनारे हो रहे गाली-गलौज का विरोध किया, जिस पर चंद्रशेखर उर्फ जॉनी साहू, झन्नु ध्रुव सहित अन्य साथियों ने उसे पकड़कर हाथ-मुक्का, लोहे के पाइप एवं चाकू से लगातार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
बीच बचाव करने पहुँचे परिजनों को भी एयर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई. गंभीर अवस्था में रोहित नाग को किश्चन अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहाँ उपचार दौरान 08.12. 2025 को रात्रि 02.00 बजे उसकी मृत्यु हो गई.
अपराध में विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल:
पुलिस द्वारा घटना स्थल का बारिकी से निरीक्षण के दौरान घटना स्थल से घटना से संबधित सामान भी जप्त किया गया. विवेचना दौरान आरोपी चंद्रशेखर साहू, झन्नु ध्रुव एवं विधि से संघर्षरत बालक का कथन लिया गया, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया. आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा सहित अन्य  सामान भी जप्त किया गया.
विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया. अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी लगातार जारी है.
सभी आरोपी सूखे नशे के आदि बताये गये:
पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिसमे चंद्रशेखर उर्फ जॉनी साहू पिता टुकेश साहू उम्र 25 वर्ष,  झन्नु ध्रुव पिता नंद कुमार ध्रुव उम्र 24 वर्ष दोनों ग्राम दोनर थाना अर्जुनी जिला धमतरी (छ०ग०) के रहने वाले है. ये सभी आरोपी नशेड़ी बताए जा रहे हैं, जो गांजा का नशा करते हैं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ा.
यह भी बताया गया कि आरोपियों ने इस घटना से पहले दो अन्य गांवों में भी मारपीट और धमकाने जैसी घटनाओं को अंजाम दिया था.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com