मोदी-शाह की तानाशाही उजागर, नड्डा से बेहतर नहीं मिला रबर स्टैंप, नितिन नबीन की नियुक्ति पर बोली कांग्रेस

रायपुर: नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने उन्हें बधाई दी. बधाई के साथ ही उन्होंने भाजपा के इस फैसले को लेकर तीखा हमला भी बोला. उन्होंने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए.

भाजपा से कांग्रेस के सवाल

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक निर्णय है. पार्टी जिसे चाहे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए या कार्यकारी अध्यक्ष, कांग्रेस को उससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इस फैसले ने भाजपा की अंदरूनी स्थिति को उजागर कर दिया है.

नड्डा से बेहतर ‘रबर स्टैंप’ नहीं मिला”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस निर्णय से यह साबित हो गया है कि मोदी–शाह की जोड़ी को अब तक जेपी नड्डा से बेहतर कोई “रबर स्टैंप” नहीं मिल पाया है, इसलिए पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति टाली जा रही है.

भाजपा नेतृत्व को यह अच्छी तरह पता है कि जिस दिन पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति होगी, उसी दिन पार्टी के भीतर उनकी तानाशाही के खिलाफ बगावत शुरू हो जाएगी- सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष, मीडिया विभाग, छत्तीसगढ़ कांग्रेस

सुशील आनंद शुक्ला ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि तीन से चार साल का लंबा इंतजार करने के बावजूद भाजपा जैसी बड़ी पार्टी अब तक अपना पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त नहीं कर पाई है, जो पार्टी की आंतरिक कमजोरी को दर्शाता है. कांग्रेस के इस बयान पर देखना होगा कि बीजेपी की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है

close