बिलासपुर में हथियार लहराते बनाया रील्स, VIDEO:’नायक नहीं खलनायक हूं मैं’…गाने पर बनाया वीडियो, 2 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर दहशत फैलाने वाले युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवकों के गैंग ने पहले घर में घुसकर हमला किया, फिर दहशत फैलाने के लिए हथियारों से लैस होकर बीच सड़क पर वीडियो बनाया। रील्स बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, कोटा के पड़ावपारा में रहने वाले युवक गुंडागर्दी मचाते हुए 14 दिसंबर की देर रात हंगामा मचाने लगे। इस दौरान बदमाश युवक मिलकर शुभम श्रीवास के घर में घुस गए। जिसके बाद गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने शुभम के चाचा पर हमला किया। जिससे उसके सिर, पैर और हाथ में चोटें आई।

वारदात के बाद दहशत फैलाने बनाया वीडियो

घर में घुसकर हमला करने के बाद हथियारों से लैस बदमाश भाग कर सड़क पर आ गए, जहां उन्होंने पड़ावपारा काली मंदिर के पास हथियार लहराते हुए वीडियो बनाया। जिसका रील्स बनाकर दहशत फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिससे क्षेत्र के लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।

वीडियो वायरल होते ही एक्टिव हुई पुलिस

बदमाशों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब पुलिस को इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया। जिसके बाद वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ तेज कर दी। पुलिस ने बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी, तो वो फरार मिले।

इस दौरान पुलिस ने पड़ावपारा निवासी चांद खान (21) पिता बरसाती खान और एक नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। दोनों बदमाशों से पुलिस ने दोमुंहा तबली, लोहे का पाइप, चैन स्प्रोकेट सहित अन्य घातक हथियार बरामद किया है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। आरोपियों के बयान के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। वारदात के बाद से हमलावर फरार हो गए हैं। फिलहाल, नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बाकी फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com