दुर्ग में हाइवा-बाइक की टक्कर, 2 की मौत:1 गंभीर, युवतियों ने बाइक-सवार से लिफ्ट लिया था, कुछ दिन पहले हुई थी युवक की सगाई

दुर्ग जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार 2 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार (18 दिसंबर) सुबह सोमनी-भिलाई 3 मुख्य मार्ग पर रेत से भरे हाइवा ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई। हादसे में एक युवक और एक युवती की जान चली गई। वहीं, एक युवती गंभीर रूप से घायल है।

मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है 2 युवती भूमिका (24 साल) और सरोज नौकरी की तलाश में भिलाई 3 गई थीं। लौटते समय बाइक सवार युवक सुमित बंजारे (25 साल) से उन्होंने लिफ्ट लिया था। तभी मेहंदीबाड़ी के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है हादसे में मृत सुमित की कुछ दिन पहले ही सगाई हुई थी।

रेत से लदा था हाइवा

पुलिस के मुताबिक, रेत से लदा हाइवा ट्रक (क्रमांक CG LS 9146) सोमनी से भिलाई की ओर जा रहा था। वहीं, भिलाई 3 से सोमनी होते हुए गनियारी जा रहे तीन लोग एक बाइक पर सवार थे। मेहंदीबाड़ी के पास ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार युवती भूमिका और युवक सुमित की मौके पर ही मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज जारी

मृतकों की पहचान गनियारी निवासी भूमिका और पाटन फुण्डा निवासी सुमित बंजारे के रूप में हुई है। बाइक पर सवार गनियारी निवासी सरोज गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

युवक की कुछ दिन पहले हुई थी सगाई

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि भूमिका और सरोज नौकरी की तलाश में भिलाई 3 गई थीं। लौटते समय उन्होंने लिफ्ट ली थी और पाटन फुण्डा निवासी सुमित बंजारे उन्हें बाइक से गनियारी छोड़ रहा था। इसी दौरान मेहंदीबाड़ी के पास यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि सुमित की कुछ दिन पहले ही सगाई हुई थी।

हाइवा चालक फरार, ट्रक जब्त

दुर्घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को मौके से जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। फरार चालक की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम किया

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने सोमनी-भिलाई 3 रोड पर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com