मरे मच्छरों को लेकर रायपुर निगम दफ्तर पहुंचा युवक,VIDEO:बोला- इसने काटा, डेंगू का डर, पॉलिथिन में बंदकर अधिकारियों को दिखाया, कराई गई जांच

छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक युवक को मच्छरों ने काट लिया। उन मच्छरों को मारने के बाद पॉलीथिन में बंद कर युवक सीधे नगर निगम दफ्तर पहुंच गया। जहां उसने अधिकारियों और नेता प्रतिपक्ष को जानकारी देते हुए दिखाया। मामला वामनराव लाखे वार्ड का है।

दरअसल, दंतेश्वरी मंदिर गोपिया पारा निवासी दाऊ लाल पटेल को मच्छरों ने काट लिया। युवक को डर था कि, जिस मच्छर ने उसे काटा है, वो डेंगू फैलाने वाला है। इस डर से युवक ने पहले पास के ही एक डॉक्टर से पूछा। डॉक्टर ने उसे सलाह दी कि इसकी जांच करवाएं।

इसके बाद युवक सामाजिक कार्यकर्ता विजय सोना और निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के साथ स्वास्थ्य अधिकारी के पास पहुंचा और पॉलीथिन में बंद मच्छर को स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही दिखाया। हालांकि जांच में वह मच्छर साधारण निकले।

मच्छर नियंत्रण की व्यवस्था फेल

रायपुर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि, आज रायपुर शहर में मच्छर नियंत्रण व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। एक तरफ ‘स्वच्छ रायपुर, सुंदर रायपुर’ के सपने दिखाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत डराने वाली है।

शहर में मच्छर का प्रकोप इतना है कि, लोगों को डेंगू और मलेरिया का डर सता रहा है। उस क्षेत्र में कुछ साल पहले मच्छर के काटने से एक युवक की मौत तक हो चुकी है। रायपुर की यह स्थिति है कि, जहां नागरिकों को खुद मच्छर पकड़कर नगर निगम आना पड़ रहा है, तो पूरे प्रदेश के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नगर निगम को तत्काल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। प्रभावित इलाके में प्रभावी फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव का पुख्ता इंतजाम करना चाहिए।

नगर निगम ने करवाई मच्छर की जांच

युवक के शक को दूर करने के लिए नगर निगम अधिकारी ने तुरंत डॉक्टरों से संपर्क किया और मच्छर की जांच करवाई। कुछ ही देर बाद रिपोर्ट आई। जिसमें वह साधारण मच्छर निकले।

स्वास्थ अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही ने दैनिक भास्कर को बताया कि, दोपहर को एक युवक डेंगू के मच्छर को लेकर पहुंचा था, उसे संज्ञान में लेने के बाद कालीबाड़ी स्थित एंटोमोलॉजिस्ट के पास जांच के लिए भेजा गया। डॉक्टर ने बताया कि जिस मच्छर को भेजा गया है वह साधारण मच्छर है। संबंधित युवक की शिकायत पर उनके क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग करवाई जा रही है।

शहर की जनता मच्छर से परेशान

रायपुर की जनता लंबे समय से मच्छरों की समस्या से जूझ रही है। 25 साल में राजधानी में बहुत से बदलाव हुए हैं, लेकिन लोगों को मच्छरों की समस्या से अब तक निजात नहीं मिल पाई है। रायपुर नगर निगम ने मच्छर उन्मूलन को लेकर लाखों रुपए खर्च करता है, लेकिन खुली नालियां और ओपन ड्रेनेज के चलते राजधानी वासी मच्छरों का डंक झेल रहा है। निचली बस्ती हो या वीआईपी इलाके सभी जगह मच्छरों की समस्या जस की तस बनी हुई है। जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

वहीं, डेंगू मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कार्य को सेंट्रलाइज करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य अधिकारियों ने एमआईसी की बैठक में विस्तृत चर्चा की थी। इसके बावजूद वर्तमान में फॉगिंग और एंटी लार्वा से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी अब भी जोनों के पास ही है। जिस कारण मुख्यालय को समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com