कोरबा: अंतिम संस्कार के दौरान विवाद, पुलिस हस्तक्षेप के दो घंटे बाद हुआ अंतिम संस्कार

कोरबा: कोरबा जिले के अंतिम छोर कछार ग्राम पंचायत में एक व्यक्ति के आकस्मिक निधन के बाद अंतिम संस्कार के दौरान शासकीय भूमि को लेकर गंभीर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई. मृतक भोंदल यादव उम्र 60 वर्ष, जो देवनारायण यादव के ससुर बताए जा रहे हैं, के निधन के पश्चात परिजन अंतिम संस्कार के लिए मिट्टी देने शासकीय भूमि पर पहुंचे थे.

इसी दौरान ग्राम निवासी धनी प्रसाद धनवार ने उक्त भूमि को अपनी निजी जमीन बताते हुए आपत्ति जताई और कुछ समय के लिए अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी.

मामले की जानकारी फैलते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई. परिजन लगभग दो घंटे तक अंतिम संस्कार के लिए मिट्टी की व्यवस्था को लेकर भटकते रहे। इस बीच विवाद की सूचना मिलने पर डायल 112 को बुलाया गया तथा बांगो थाना से पुलिस मौके पर पहुंचा.

पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाइश दी गई, जिसके बाद मृतक भोंदल यादव का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया. बताया जा रहा है कि जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, वह शासकीय भूमि है, हालांकि धनी प्रसाद धनवार द्वारा उक्त जमीन का पट्टा अपने नाम होने का दावा किया जा रहा है. इसी दावे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद उत्पन्न हुआ.

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए दोनों पक्षों को आपसी सहमति से भूमि का सीमांकन कराने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो. फिलहाल पुलिस हस्तक्षेप के बाद मामला शांतिपूर्ण बना हुआ है, लेकिन घटना ने क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और भूमि विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com