मरवाही वन परिक्षेत्र में 3 हाथियों का दल पहुंचा, फसलों को पहुंचाया नुकसान; जान जोखिम में डाल रहे लोग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: मरवाही वन परिक्षेत्र में तीन हाथियों का एक दल पहुंच गया है. यह दल पसान रेंज से विचरण करते हुए मरवाही के नाका जंगल में पहुंचा और वहां डेरा जमाए हुए है. दरअसल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की, जहां मरवाही वन परिक्षेत्र में तीन जंगली हाथियों का एक दल पहुंच गया है. यह दल पास की पसान रेंज से विचरण करते हुए मरवाही के नाका जंगल में आया और वहां डेरा जमा लिया है.
ये हाथी जंगल में घूमते हुए आगे बढ़ रहे हैं और इस दौरान उन्होंने तीन किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है. फसलें बर्बाद होने से किसानों में चिंता बढ़ गई है और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है. वहीं, दल में से एक हाथी सड़क पार करके मगुरदा गांव की ओर आगे निकल गया है.
इस खबर से उत्साहित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथियों को करीब से देखने के लिए जंगल और सड़क किनारे पहुंच रहे हैं. लेकिन यह बहुत खतरनाक है, क्योंकि जंगली हाथी कभी भी आक्रामक हो सकते हैं. लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, जबकि वन विभाग बार-बार चेतावनी दे रहा है कि हाथियों के नजदीक न जाएं.
मरवाही रेंज के वन कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से हाथियों की निगरानी कर रहे हैं. विभाग की टीम दिन-रात हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है. ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है कि जंगल की ओर न जाएं, रात में बाहर न निकलें और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें. लोगों से अपील की गई है कि सतर्क रहें और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए विभाग के निर्देशों का पालन करें.
छत्तीसगढ़ में हाथी मानव संघर्ष की ऐसी घटनाएं आम हो रही हैं, क्योंकि जंगलों का क्षेत्र कम होने और विकास कार्यों से हाथी अपने रास्ते बदल रहे हैं.









