बिलासपुर में दो सड़क हादसों में दो की मौत,दो घायल:वाहन की टक्कर से जवान की मौत, दूसरी घटना में तेज-रफ्तार कार पेड़ से टकराई

बिलासपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
CRPF जवान मनीष कुमार छुट्टी पर घर आया था और गुरुवार (18 दिसंबर) तड़के गुरु घासीदास जयंती समारोह से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। यहां सर्किट हाउस के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
श्रीनगर में पोस्टिंग थी
जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के हरदीबाजार के जोरहाडबरी निवासी मनीष कुमार आदिले CRPF के जवान थे। उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में थी। पिछले दिनों वो छुट्टियों पर घर आए थे। उनका एक मकान बिलासपुर में भी है, जहां उनका परिवार रहता है।
बुधवार (17 दिसंबर) को गुरु घासीदास जयंती पर्व मनाने के लिए वो अपने गांव गए थे। उनके साथ उनका दोस्त उदय पाल भी था। दोनों बाइक में सवार होकर बिलासपुर आ रहे थे।
हादसे में CRPF जवान की मौत, दोस्त घायल
गुरुवार तड़के करीब तीन बजे कोरबा से लौटते बाइक सवार दोनों लोग तोरवा स्थित लालखदान ओवर ब्रिज के पास पहुंचे थे। उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में बाइक से उछलकर दोनों गिर गए, जिससे मनीष के सिर में गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका दोस्त उदय पाल भी बुरी तरह से घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वहीं, उदय पाल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
गुरुवार (18 दिसंबर) को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन उसके शव को लेकर गृहग्राम चले गए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे के बाद पुलिस वाहन की जानकारी जुटाकर आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।
दूसरी घटना: अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई
जानकारी के अनुसार, कुदुदंड निवासी नेहुल कौशिक शनिवार सुबह अपने दोस्त के साथ कार से निकला था। जैसे ही वे सर्किट हाउस रोड पर पहुंचे, तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह डैमेज हो गई।हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।









