बलरामपुर को कोहरे ने जकड़ा, विजिबिलिटी 5 मीटर से भी कम, सड़कों पर थमी रफ्तार

बलरामपुर :बलरामपुर जिले में रविवार सुबह घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया.सुबह के समय सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 5 मीटर से भी कम हो गई. हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से वाहन चलाने पड़े.कोहरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रही.
मौसम विभाग के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.सुबह करीब 10 बजे तक घना कोहरा बना रहा, जिससे स्कूली बच्चों, राहगीरों और दैनिक कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
घने कोहरे के चलते राष्ट्रीय व राज्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.कई स्थानों पर लोग अलाव तापते नजर आए. ठंड बढ़ने से बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है.
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है.प्रशासन ने आगामी दिनों में ठंड और कोहरे के और बढ़ने की संभावना जताई है.साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय फॉग लाइट व इंडिकेटर जलाकर सावधानी बरतें.









