राजनांदगांव में राइस मिल हादसा, चिमनी गिरने से एक मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल

राजनांदगांव जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र में स्थित महाराजपुर की एक राइस मिल में बड़ा हादसा सामने आया है। श्री जय गुरुदेव राइस मिल परिसर में बनी भारी-भरकम चिमनी अचानक गिर गई, जिससे काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।

हादसे के समय चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम में जुटे हुए थे। करीब 75 क्विंटल वजनी चिमनी के अचानक गिरने से मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मलबे की चपेट में आने से उसे बचने का कोई मौका नहीं मिल सका।

इस दुर्घटना में गजानंद और रमेश कुमार कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के अनुसार रमेश कंवर का शरीर चिमनी के मलबे और भारी मात्रा में रखे चावल के नीचे दब गया था। रेस्क्यू के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा बाहर निकाला गया और उसे गंभीर हालत में राजनांदगांव जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका एक पैर लंबे समय तक मलबे और चावल के नीचे दबा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे ने राइस मिलों में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com