रायपुर में सड़क पर जन्मदिन और स्टंटबाजी भारी पड़ी, 66 आरोपी जेल भेजे गए

रायपुर। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने और खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बीते 11 महीनों के दौरान पुलिस ने ऐसे मामलों में 66 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि 30 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मनाने और यातायात बाधित करने के 8 मामलों में 46 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इन मामलों में 11 दोपहिया और चारपहिया वाहन जब्त किए गए। वहीं, स्टंटबाजी के 3 मामलों में 20 आरोपियों को जेल भेजा गया, साथ ही 7 चारपहिया वाहन और 1 बाइक जब्त की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर इस तरह के कृत्य न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ते हैं, बल्कि आम जनता की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर जन्मदिन मनाने या स्टंट करने से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com