भिलाई में गुरु गोबिंद सिंहजी के प्रकाशोत्सव पर पालकी यात्रा:सभी समाजों और धर्मों को एक करने पहल, जगह-जगह लंगर का आयोजन

सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के आगामी प्रकाशोत्सव (28 दिसंबर) के उपलक्ष्य में दुर्ग जिले में रविवार को भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में सिख समाज के लोग और शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा का स्वागत सभी धर्मों के लोगों ने किया। पूरे मार्ग में लंगर और शरबत भी वितरित किए गए।

सुपेला चौक से शुरू हुई यात्रा पालकी यात्रा दोपहर 12 बजे सुपेला स्थित घड़ी चौक से प्रारंभ हुई। यहां से यह यात्रा पावर हाउस, सेक्टर-1 चौक, सेंट्रल एवेन्यू होते हुए सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुरबाणी का गायन करते हुए चल रहे थे और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र व धर्म की रक्षा के लिए दिए गए बलिदानों को स्मरण कर रहे थे। समाज के युवाओं ने गतका और तलवारबाजी का प्रदर्शन किया।

जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा, स्वच्छता का संदेश पालकी को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालु खड़े होकर यात्रा का स्वागत कर रहे थे। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर पालकी यात्रा का अभिनंदन किया गया। आयोजन को लेकर सिख समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला।

यात्रा के पीछे एक विशेष सफाई टीम चल रही थी, जो रास्ते में पड़े कचरे को लगातार साफ कर रही थी। इस स्वच्छता अभियान में दो से पांच साल के छोटे बच्चे भी शामिल थे, जिन्होंने हाथ में झाड़ू और डस्टबिन लेकर लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक किया।

हो रहे अलग-अलग आयोजन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं। इनमें कीर्तन दरबार, गुरुओं के जीवन पर आधारित कथा, अरदास और विशेष दीवान सजाए गए। संगत ने बड़ी संख्या में गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजकों ने बताया कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन साहस, त्याग और मानवता की रक्षा का प्रतीक है। उनके प्रकाशोत्सव के माध्यम से समाज में भाईचारे, सेवा और स्वच्छता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com