सूदखोर रोहित की गिरफ्तारी पर सुप्रीम-कोर्ट ने लगाई रोक:सिर्फ 4 मामलों में राहत, रायपुर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं 16 से ज्यादा केस

सुप्रीम कोर्ट ने हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर पर दर्ज 4 मामलों पर गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। ये चारों FIR पुरानी बस्ती थाने में जून-जुलाई 2025 में दर्ज की गई थी। चारों केस में रोहित तोमर पर पीड़ितों को डरा-धमकाकर ज्यादा ब्याज वसूलने का आरोप था।

सुप्रीम कोर्ट में रोहित का केस देख रहे एडवोकेट हिमांशु शर्मा ने बताया कि चारों ही केस में अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई गई थी। कोर्ट में दलील दी गई थी कि चारों ही केस कॉमर्शियल लेन-देन से जुड़े हैं। इसके अलावा ब्याज में पैसा वैद्य साहूकारी लाइसेंस के आधार पर दिए गए थे।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 19 दिसंबर को चारों मामलों में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। हालांकि, इन चारों केस के अलावा रोहित पर दूसरे मामलों में भी कार्रवाई चल रही है। इन मामलों में पुलिस अब भी गिरफ्तारी की कार्रवाई कर सकती है।

भाई पकड़ा गया, रोहित का सुराग नहीं

9 नवंबर को पुलिस ने रोहित के साथ फरार चल रहे भाई वीरेंद्र तोमर को MP से गिरफ्तार कर रायपुर जेल भेजा था, लेकिन पूछताछ में भी उसने रोहित के ठिकाने के बारे में कुछ नहीं बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित लगातार ठिकाने बदल रहा है और कुछ स्थानीय सहयोगी उसकी मदद कर रहे हैं।

16 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज

तोमर बंधुओं के खिलाफ 5 महीने में 8 नए केस सामने आए हैं। उन पर 16 से ज्यादा अपराध के मामले दर्ज हैं। वहीं, मारपीट, धमकी, ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और सूदखोरी जैसे गंभीर आरोपों के 8 नए केस दर्ज हुए हैं। पुराने मामलों सहित दोनों भाइयों पर 16 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पीड़ितों के बड़े खुलासे- 10 गुना तक वसूली

  • नरेश सचदेवा: 2.5 लाख लिए → 20 लाख लौटाए
  • गोपाल कुमार: 2 लाख लिए → 28 लाख चुकाए
  • हरीश कछवाहा: 3.5 लाख लिए → 50 लाख वापस
  • जयदीप बनर्जी: 16 लाख लिए → 52 लाख वसूले

पुलिस की बड़ी तैयारी: पुराने केस फिर खुले, निगरानी बढ़ी

रायपुर पुलिस ने सभी पुराने मामलों की फिर से जांच शुरू की है। वित्तीय लेन-देन पर कड़ी नजर है। मोबाइल लोकेशन और नेटवर्क की साइबर जांच जारी है। सहयोगियों और सपोर्ट नेटवर्क पर सघन निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तोमर बंधुओं के कारण आम लोगों और छोटे व्यापारियों में सालों से भय का माहौल बना हुआ था।

पुलिस की अपील: सूचना दें, पहचान गुप्त रखी जाएगी

रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है “फरार रोहित तोमर के बारे में किसी भी तरह की सूचना मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या क्राइम ब्रांच को बताएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और 5,000 रुपए का इनाम दिया जाएगा।”

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com