पर्यावरण संतुलन पर गोष्ठी, ‘गी-आहार’ से हरित पहल की शुरुआत

शंकरनगर स्थित एटी प्लाजा में पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन पर एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना और व्यावहारिक पहल को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर पर्यावरण संतुलन की दिशा में पहले कदम के रूप में ‘गी-आहार’ अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शंकरनगर वार्ड के पार्षद राजेश गुप्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत से हुआ। एटी प्लाजा से राजेश मूंदड़ा, गुप्ता, दीक्षा पांडे, ज्योति टंडन तथा जीवन अपार्टमेंट से बरखा एवं मनीषा जी द्वारा श्रीफल भेंट कर पार्षद का स्वागत किया गया।

गोष्ठी में श्रीमती पल्लवी शाह ने पर्यावरण संतुलन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कभी मनुष्य, पशु-पक्षी और पेड़-पौधे प्रकृति के साथ सामंजस्य में रहते थे, लेकिन समय के साथ मनुष्य द्वारा अतिक्रमण और संसाधनों के अत्यधिक दोहन से यह संतुलन बिगड़ गया। इसके दुष्परिणाम आज बाढ़, अनावृष्टि, अतिवृष्टि, भूस्खलन और नए-नए वायरस के रूप में सामने आ रहे हैं। उन्होंने भविष्य में संतुलन बहाली के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
श्रीमती कनक चीचड़ ने गौ-आहार में देने योग्य सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं श्रीमती मीरा मित्तल, पारूल बटाविया और गिरिजा खेमका ने प्रकृति के प्रति घटती संवेदनशीलता पर चिंता व्यक्त की और जीवनशैली में बदलाव की अपील की।
इसके पश्चात पार्षद राजेश गुप्ता ने उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। संकल्प के तहत तय किया गया कि घरों की रसोई से निकलने वाली वह सामग्री, जो पशुओं के लिए उपयुक्त है, उसे कचरे में न फेंककर ‘गी-आहार’ बाल्टी में एकत्र कर गौशाला तक पहुंचाया जाएगा। इसे पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा की दिशा में एक सार्थक पहल बताया गया।
पार्षद ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शंकरनगर वार्ड की समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में सहयोग गौसेवा से श्रीमती कनक चीचड़, सरकार हाइट्स गीतांजली नगर से श्रीमती गौरा मित्तल, जीवन अपार्टमेंट से श्रीमती बरखा एवं मनीषा, गोलधा रेसिडेंसी व एटी प्लाजा से श्रीमती नाथा जैन, संतोष जैन, अम्बुज गुप्ता, पल्लवी शाह, उमा नूडजा, गिरिजा खेमका, मोना लाखोटिया, सीमा अग्रवाल, ज्योति टंडन, पारूल बटाविया, दीक्षा पांडे, कुमारी दिशा विधवानी, श्री अरुण गुप्ता, श्री सतीश मूंदड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सीमा अग्रवाल और मोना लाखोटिया ने सभी का आभार व्यक्त किया। स्वल्पाहार के पश्चात इस प्रेरणादायी एवं भव्य पर्यावरणीय गोष्ठी का समापन हुआ।











