कॉस्मो एक्सपो 2026 से व्यापार – उद्योग को मिलेगी नई उड़ान, मुख्यमंत्री से मुलाकात कर एक्सपो में किया आमंत्रित

रायपुर। कॉस्मो एक्सपो 2026 की तैयारियों को एक नई मजबूती देते हुए टीम कॉस्मो ने छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट कर कॉस्मो एक्सपो 2026 में आमंत्रण किया। यह मुलाकात छत्तीसगढ़ में व्यापार, उद्योग, उद्यमिता और समग्र विकास को बढ़ावा देने की साझा सोच को दर्शाती है।
इस अवसर पर टीम कॉस्मो ने मुख्यमंत्री को कॉस्मो एक्सपो 2026 के उद्देश्य, स्वरूप और इसके व्यापक प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी। चर्चा के दौरान बताया कि यह एक्सपो विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों, उद्यमियों और हितधारकों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जिससे राज्य को व्यापार और निवेश का एक सशक्त केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।
कॉस्मो एक्सपो 2026 के चेयरमैन रोटेरियन सौरभ सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप लेगा। उन्होंने बताया कि कॉस्मो एक्सपो केवल व्यापार और उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक सरोकारों और नवाचार को भी बढ़ावा देगा।
टीम कॉस्मो ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ के लिए विकसित किए जा रहे मोबाइल आई केयर वैन (मोबाइल आई जाँच केंद्र) के बारे में भी जानकारी दी, जिसका उद्देश्य दूरदराज और जरूरतमंद क्षेत्रों तक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। मुख्यमंत्री से इस जनहितकारी पहल को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करने का आग्रह भी किया गया।
चर्चा के दौरान यह भी बताया गया कि वर्तमान में रोटरी कॉस्मो द्वारा रायपुर शहर की पाँच शासकीय शालाओं का जीर्णोद्धार कर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर रोटरी कॉस्मो के वर्तमान अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, रोहित जैन, सुबोध सोमानी, पीयूष सुराणा, राहुल फरमानिया, हर्षित अग्रवाल सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कॉस्मो एक्सपो 2026 को छत्तीसगढ़ के व्यापार, उद्योग और उद्यमिता के क्षेत्र में मील का पत्थर बनाने के संकल्प के साथ तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।











