दुर्ग में कट सकते हैं 2.48 लाख मतदाताओं के नाम:SIR की पहली सूची में लाखों फॉर्म अन-कलेक्टेबल; 2 लाख मतदाता घटे, 222 नए केंद्र

दुर्ग जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटने की स्थिति सामने आई है।
अब तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 2,48,803 फॉर्म अन-कलेक्टेबल पाए गए हैं, जिसके चलते लगभग ढाई लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटने की प्रक्रिया में हैं।
जिले में अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या 1520 से बढ़कर 1742 हो गई है। वहीं, कुल मतदाताओं की संख्या 5,99,601 पुरुष, 6,03,801 महिला और 42 अन्य श्रेणी के साथ 12,03,444 पहुंच गई है, जो पहले 14,51,963 थी।
अन-कलेक्टेबल श्रेणी में पाए गए फॉर्म
मंगलवार (23 दिसंबर) को दुर्ग कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने पहले चरण की सूची की पूरी जानकारी सामने रखी। रिपोर्ट के मुताबिक 2,48,803 फॉर्म अन-कलेक्टेबल श्रेणी में पाए गए हैं।
इनमें 41,431 मतदाता मृत, 30,255 मतदाता लंबे समय से अनुपस्थित और 1,66,458 मतदाता ऐसे हैं, जो स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं।
कलेक्टर अभिजीत ने बताया कि विशेष रूप से मृत और अन्यत्र चले गए व्यक्तियों के नाम फॉर्म-7 के माध्यम से हटाए जा रहे हैं, जबकि नए मतदाताओं के नाम फॉर्म-6 के जरिए जोड़े जा रहे हैं।
इसके साथ ही मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 के उपयोग का प्रावधान किया गया है।
पहले चरण की सूची का प्रकाशन
दुर्ग जिले की भौगोलिक संरचना के अनुसार कुल 6 पूर्ण विधानसभा क्षेत्र और 2 आंशिक विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। जिले में पुनरीक्षण का कार्य 28 अक्टूबर 2025 से चल रहा है। यह 21 फरवरी 2026 तक चलेगा।
18 दिसंबर तक घर-घर गणना के बाद 23 दिसंबर को मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रारूप का प्रकाशन किया गया। इसमें 22 जनवरी 2026 तक दावा आपत्ति करने की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति नाम जोड़ने या सुधार हेतु आवेदन कर सकता है।
इन प्राप्त दावों और आपत्तियों के सत्यापन और सुनवाई का नोटिस चरण 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसके बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
2 लाख मतदाता घटे
SIR की पहली सूची में पाटन विधानसभा में करीब 19 हजार मतदाता कम हो गए हैं। भिलाई नगर में 3031 मतदाता सूची से ही गायब हैं और 34 हजार से अधिक मतदाता कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं।
दुर्ग ग्रामीण में 32 हजार वोटर्स कम हो गए है। दुर्ग शहर में मतदाताओं की संख्या 47 हजार घट गई हैं। वैशाली नगर विधानसभा में 53 हजार मतदाता घट गए हैं। अहिवारा विधानसभा में 42 हजार मतदाता घट गए है।
आयु वर्ग के आधार पर जिले में मतदाताओं की संख्या
| वर्ष समूह | मतदाताओं की संख्या |
| 18-19 | 8,255 |
| 20-29 | 2,42,340 |
| 30-39 | 3,50,953 |
| 40-49 | 2,53,983 |
| 50-59 | 1,92,001 |
| 60-69 | 1,02,523 |
| 70-79 | 43,100 |
| 80-प्लस | 10,289 |
इन कारणों से फॉर्म हुए अन-कलेक्टेबल
मृत व्यक्ति – 41,431 अब्सेंट – 30,255 स्थानांतरित : 1,66,458 पहले से एनरोल्ड :9437 अन्य कैटेगरी : 1222 टोटल फॉर्म : 2,48,803
कैटेगरी के हिसाब से ए कैटेगरी में 14 लाख से ज्यादा मतदाता
पुनरीक्षण कार्य की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 18 दिसंबर 2025 तक बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटलीकरण का कार्य किया गया, जिसके अनुसार विधानसभा पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा,
साजा (आंशिक) व बेमेतरा (आंशिक) के कुल 14,51,963 मतदाताओं में बीएलओ एप में मैप्ड कैटेगरी (ए) में 5,04,059 मतदाता, मैप्ड कैटेगरी (बी) में 6,58,446 मतदाता और नो मैपिंग कैटेगरी में 14,015 मतदाता शामिल है।
18 वर्ष पूर्ण करने वालों के जोड़े जाएंगे नाम
दुर्ग कलेक्टोरेट में हुई बैठक में बताया गया कि 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे। इस पूरे अभियान में मतदाताओं के सहयोग के लिए एनएसएस, एनसीसी, आजीविका दीदी, किसान मित्र, मितानिन और हेल्थ वर्कर जैसे वॉलंटियर्स का सहयोग लिया जा रहा है।
इसके अलावा निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) की सूची भी जारी की गई है, जिसमें पाटन के लिए लवकेश ध्रुव, दुर्ग ग्रामीण के लिए हरवंश सिंह मिरी, दुर्ग शहर के लिए अपर कलेक्टर अभिषेक अग्रवाल, भिलाई नगर के लिए अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, वैशाली नगर के लिए संयुक्त कलेक्टर शिल्ली थामस और अहिवारा के लिए सोनाल डेविड को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सभी राजनीति दलों की हुई बैठक
मंगलवार (23 दिसंबर) को दुर्ग कलेक्ट्रेट में सभी मान्यता प्राप्त राजनीति दलों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी जानकारी उनके सामने रखे गए। बैठक में इंडियन नेशनल कांग्रेस से धीरज बाकलीवाल, मुकेश चंद्राकर, राकेश ठाकुर, परमजीत सिंह।
भारतीय जनता पार्टी से आसिफ अली सैयद, पुरुषोत्तम देवांगन, प्रेमलाल साहू, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से एम.एस.शांत कुमार, बहुजन समाज पार्टी से दिलीप रामटेके एवं बंटी चौरे तथा आम आदमी पार्टी से बलदेव सिंह एवं सभी राजनीतिक दलों के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
इनके दुर्ग कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन और सभी ईआरओ उपस्थित थे।











