बांग्लादेश में हिंदुओं पर बढ़ती हिंसा: भीड़ ने एक और युवक अमृत मंडल की पीट-पीटकर हत्या

बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद अब राजबाड़ी जिले में 29 वर्षीय हिंदू युवक अमृत मंडल उर्फ सम्राट को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। इस घटना ने अल्पसंख्यक समुदाय में भय और असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना राजबाड़ी जिले के पांग्शा मॉडल पुलिस थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों ने अमृत मंडल पर जबरन वसूली के आरोप लगाए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते भीड़ हिंसा में बदल गया और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस रिकॉर्ड में अमृत मंडल का नाम एक स्थानीय गिरोह से जुड़ा बताया गया है, हालांकि हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

इसी बीच चटगांव के पास राउजान इलाके में भी हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जहां पांच दिनों के भीतर सात हिंदू परिवारों के घरों में आगजनी की गई। पुलिस ने इन मामलों में अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

इससे पहले मयमनसिंह शहर में 28 वर्षीय हिंदू फैक्ट्री कर्मचारी दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उन पर कथित तौर पर ईशनिंदा का आरोप लगाया गया था। इस घटना के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने पीड़ित परिवार की जिम्मेदारी उठाने की बात कही थी और पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया था।

हिंसा और आगजनी की लगातार घटनाओं ने बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मानवाधिकार संगठन के अनुसार वर्ष 2025 में अब तक हिंसा की घटनाओं में 184 लोगों की जान जा चुकी है। अंतरिम सरकार ने बयान जारी कर कहा है कि किसी भी आरोप या अफवाह के आधार पर हिंसा को सही नहीं ठहराया जा सकता, लेकिन जमीनी हालात अब भी चिंता बढ़ाने वाले बने हुए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com