डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 5 राज्यों में 11 ठिकानों पर छापेमारी, महिला गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय की जालंधर जोनल टीम ने डिजिटल अरेस्ट से जुड़े एक बड़े साइबर ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सख्त कार्रवाई की है। एजेंसी ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और असम में कुल 11 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है।

जांच एजेंसी के मुताबिक यह मामला लुधियाना के उद्योगपति एस. पी. ओसवाल से जुड़ा है, जिन्हें साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसाया था। ठगों ने खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर फर्जी सरकारी और न्यायिक दस्तावेज दिखाए और डर का माहौल बनाकर करोड़ों रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

छापेमारी के दौरान ED ने कई अहम दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। यह जांच लुधियाना साइबर क्राइम थाने में दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि इसी गिरोह से जुड़े डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के कई अन्य मामले अलग-अलग राज्यों में दर्ज हैं, जिन्हें अब इस केस में शामिल किया गया है।

ED की जांच में खुलासा हुआ कि ठगों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर उद्योगपति से करीब 7 करोड़ रुपये की ठगी की। इसमें से 5.24 करोड़ रुपये बरामद कर पीड़ित को वापस कर दिए गए हैं। शेष रकम म्यूल अकाउंट्स के जरिए इधर-उधर की गई, जो मजदूरों और डिलीवरी बॉय जैसे लोगों के नाम पर खोले गए थे। इन खातों से पैसे तुरंत आगे ट्रांसफर कर दिए जाते थे या नकद निकाल लिए जाते थे।

जांच एजेंसी के अनुसार ठगी की रकम को छिपाने और घुमाने का काम रूमी कलिता नाम की महिला कर रही थी। वह म्यूल अकाउंट्स की बैंक जानकारी का इस्तेमाल करती थी और बदले में उसे ठगी की रकम का एक हिस्सा मिलता था। सबूतों के आधार पर उसे मनी लॉन्ड्रिंग में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोपी पाया गया।

ED ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया, जहां उसे पूछताछ के लिए एजेंसी की कस्टडी में भेज दिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व खुलासे हो सकते हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com