रायबरेली में दर्दनाक हादसा! बाइक पर सवार चार लोग ट्रैक्टर से टकराए, मासूम की मौत

रायबरेली: यूपी के रायबरेली जनपद में भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग पर एक मासूम सहित चार लोगों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी. वाहन की टक्कर से बाइक पर बैठा बालक छिटक कर दूर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता सहित तीन अन्य लोग जख्मी हो गए.
महराजगंज के पहाडपुर निवासी राहुल (27 वर्ष) अपनी पत्नी शिवानी (25 वर्ष) एक वर्षीय बेटा अयांश व अपने रिश्तेदार प्रेमा (50 वर्ष) निवासी पूरे बैजू थाना गुरबक्शगंज के साथ एक बाइक पर सवार होकर डलमऊ की तरफ जा रहे थे. सैदनपुर गांव के मोड़ के पास पहुंचते ही ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
शिवानी की गोद में लगभग एक वर्ष का रियांश दूर जा गिरा, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया. ट्रैक्टर व बाइक की टक्कर होते ही राहगीरों का भारी जमावड़ा लग गया. सूचना पर पहुंची डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन गंभीर रूप से घायल बाइक सवार पति पत्नी व रिश्तेदार के साथ बालक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने मासूम बालक को मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी होते ही परिजनों चिख पुकार मच गई. भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है. मृतक बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.









