औरंगाबाद : लापता युवक का पांच दिन बाद अरवल में पुनपुन नदी से मिला शव, घर में मचा कोहराम

औरंगाबाद : उपहरा थाना क्षेत्र के डहरू बिगहा गांव के एक युवक के शव को पुलिस ने अरवल जिले के बंसी थाना क्षेत्र के पुनपुन नदी पर बने अकरौंजा गांव के स्थित पुल के समीप से एक युवक के शव को पुलिस ने बरामद किया है. मृतक की पहचान डहरू बिगहा गांव के ही स्वर्गीय गोवर्धन यादव के 33 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में की गई है.
गुरुवार की रात्रि सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने आए परिजनों नें बताया कि सुनील शनिवार को ही किसी काम के लिए घर से निकला था.लेकिन वापस नहीं लौटा. उसके वापस नहीं लौटने से चिंता बढ़ी और उसकी खोज की जाने लगी. इष्ट मित्र सगे संबंधियों से पूछताछ के बाद भी जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
थाने में युवक के गुम होने की सूचना पर पुलिस ने उसकी तस्वीर आस पास के थाने को दी और सोशल मीडिया पर पोस्ट की. इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस को यह सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक का शव अरवल जिले के बंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत अकरौंजा पुल के समीप पानी में छहलाता हुआ एक अज्ञात शव देखा गया है.
इसकी सूचना मिलते ही परिजनों को जानकारी दी गई. शव की पहचान के लिए परिजनों के साथ उपहारा एवं बंसी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव की पहचान सुनील कुमार के रूप में की गई.
शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो रोकर हाल बेहाल हो गया. इधर उपहार थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया.जहां पोस्टमार्टम कराया और गुरुवार की देर रात शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.
सुनील की मौत के बाद परिजनों में यह सवाल व्याप्त है कि आखिर सुनील का शव अरवल कैसे पहुंच गया.वह नदी में डूबा था या किसी ने उसे धक्का दिया था. सारे बिंदुओं पर पुलिस जांच में जुटी हुई है. सुनील की मौत की खबर सुनकर पत्नी लीला देवी का रो रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने बताया कि सुनील अपने पीछे दो पुत्री एवं एक पुत्र छोड़ गया है. तीनों बच्चे बेहद ही छोटे है. वह खेती करके अपने परिवार का जीवन यापन करता था. उसकी मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
परिवार के सदस्यों के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई.घटना के बाद से डहरू बीघा गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.









