मरवाही में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत, तीन घायल; परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

मरवाही: मरवाही थाना क्षेत्र के भर्रीडाँड़ गांव के पास देर रात हुई दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे ने एक बार फिर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गेश रजक अपनी बाइक पर सवार होकर ईश्वर और विवेक के साथ भर्रीडाँड़ से मरवाही की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक, जिसे नोहर सिंह चला रहा था, से दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुर्गेश रजक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घायल ईश्वर, विवेक और नोहर सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल मरवाही पहुंचाया गया.

अस्पताल में ईश्वर की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. विवेक को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. वहीं, नोहर सिंह के पैर में गंभीर चोट लगी है, जिसका उपचार भी जारी है.

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे मृतक और घायलों के परिजनों ने इलाज में देरी का गंभीर आरोप लगाया. उनका कहना था कि आपात स्थिति में भी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ समय पर उपलब्ध नहीं थे, जिससे इलाज देरी में हुआ. इस मुद्दे पर अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा और विवाद चलता रहा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

हालांकि, अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही स्टाफ मौके पर पहुंच गया था और घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, दुर्गेश रजक अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था। जांच के बाद उसे मृत घोषित किया गया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com